Advertisement

जशपुर में शुरू हुआ देश का अनोखा ‘ट्री एटीएम’, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिखाई हरी झंडी


जशपुर में शुरू हुआ देश का अनोखा ‘ट्री एटीएम’, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिखाई हरी झंडी

जशपुरनगर, 16 जुलाई 2026। राजकुमार की विशेष रिपोर्ट RK GLOBAL NEWS पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जशपुर जिले से एक अभिनव पहल की शुरुआत हुई है। जशपुर वन विभाग ने आम लोगों तक निःशुल्क पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से ‘मोबाइल ट्री एटीएम’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बगिया हेलीपैड परिसर में इस अनूठे ट्री एटीएम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित नागरिकों को भी पौधों का वितरण किया। अब यह मोबाइल ट्री एटीएम जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर वन विभाग का ‘ट्री एटीएम’ पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का एक उत्कृष्ट प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और यदि लोगों को आसानी से पौधे उपलब्ध कराए जाएं, तो वृक्षारोपण एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। इसी प्रेरणा से छत्तीसगढ़ में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य ने पौधरोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पहले वर्ष 2.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि लगभग 3.5 करोड़ पौधों का रोपण किया गया। इस वर्ष भी 2.5 करोड़ पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे लक्ष्य से अधिक पूरा करने का संकल्प लिया गया है।

आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ बना अभियान का संदेश

वन विभाग ने इस पहल को केवल पौध वितरण तक सीमित नहीं रखा है। “आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव” संदेश के साथ प्रत्येक हितग्राही को पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि, नियमित देखभाल और संरक्षण की जानकारी भी दी जाएगी। उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण सुनिश्चित करना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस प्रकार की मोबाइल पौध वितरण व्यवस्था अन्य राज्यों में भी लागू की जाए, तो जनसहभागिता के माध्यम से हरित क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।

इस अवसर पर भरत सिंह, उपेंद्र यादव, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Rajkumar