Advertisement

किसानों को समर्पित बड़ा कदम — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 519 धान खरीदी केंद्रों के नवनिर्मित भवनों का किया वर्चुअल शुभारंभ


बगीचा | किशोरी का विशेष रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के किसानों के हित में एक और ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरे राज्य में 519 धान खरीदी केंद्रों के नवनिर्मित भवनों का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह पहल राज्य सरकार की किसान-हितैषी नीतियों और ग्रामीण विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इसी कड़ी में विकासखंड बगीचा के रेंगले में नव निर्मित सहकारी समिति भवन का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को अब धान विक्रय, भंडारण एवं अन्य सहकारी सेवाओं में काफी सुविधा मिलेगी। किसानों को अब बेहतर व्यवस्थाओं के साथ पारदर्शी और सुगम खरीदी प्रक्रिया का लाभ मिलेगा।


कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें भाजपा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, पद्मश्री जागेश्वर यादव, किसान मोर्चा के प्रदेश सहसंयोजक केशव प्रसाद यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर प्रसाद गुप्ता, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कुंवर राम यादव, मंडल अध्यक्ष हरीश कुमार आरिक एवं महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मुक्ता यादव सहित क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने, सुविधाओं का विस्तार करने और कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों के लिए आधुनिक भवन निर्माण से किसानों को सम्मानजनक वातावरण मिलेगा और उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रदेश सरकार की यह पहल न केवल किसानों के जीवन को आसान बनाएगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी। छत्तीसगढ़ में कृषि को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Rajkumar