
आयुष्मान कार्ड दरकिनार कर ऐंठे लाखों रुपये; फेफड़े सड़ाने और साक्ष्य मिटाने का सनसनीखेज आरोप
कलेक्टर, SP और CMHO के पास पहुंची शिकायत; विशेष मेडिकल बोर्ड जांच और FIR की मांग
RK GLOBAL NEWS राजकुमार विशेष रिपोर्ट अंबिकापुर (सरगुजा) :
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित श्री महावीर हॉस्पिटल एक बार फिर गंभीर विवादों और संगीन आरोपों के घेरे में आ गया है। इलाज में घोर लापरवाही, आयुष्मान योजना के बावजूद मरीज के परिजनों से लाखों रुपये की अवैध वसूली और मरीज की मौत के बाद साक्ष्य (मेडिकल रिकॉर्ड) छिपाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की लिखित शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।

सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ ‘वसूली’ और लापरवाही का खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर निवासी 24 वर्षीय युवक आशुतोष दास को 13 जून 2026 को सड़क दुर्घटना के बाद गंभीर हालत में श्री महावीर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का सीधा आरोप है कि उनके पास वैध आयुष्मान भारत कार्ड होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने दबाव बनाकर नगद और ऑनलाइन ट्रांसफर के माध्यम से 6 से 7 लाख रुपये की अवैध वसूली की।
गलत इलाज से सड़े फेफड़े (Lung Abscess), तड़प-तड़पकर हुई मौत
परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही और घटिया देखभाल के कारण मरीज की स्थिति सुधरने की बजाय बिगड़ती चली गई:

11 अगस्त: डिस्चार्ज के बाद 30 अगस्त को मरीज को फॉलो-अप चेकअप के लिए पुनः अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि गलत इलाज के कारण मरीज के फेफड़ों में भयंकर संक्रमण फैल गया और फेफड़ों में फोड़े (Lung Abscess) बन गए।
अनसुनी गुहार: परिजनों द्वारा लगातार मिन्नतें करने के बाद भी संबंधित डॉक्टर शैलेन्द्र गुप्ता को अस्पताल प्रबंधन ने देखने के लिए नहीं बुलाया।
2 सितंबर: बिना स्थिति का सही आंकलन किए मरीज की ट्रैकियोस्टमी ट्यूब (Tracheostomy Tube) निकाल दी गई, जिससे मरीज सांस लेने के लिए तड़पने लगा।
3 सितंबर: देर रात 11 बजे अचानक मरीज को रायपुर रेफर करने की बात कही गई, लेकिन कागजी खानापूर्ति और सीटी स्कैन के नाम पर सुबह 5:30 बजे तक समय बर्बाद किया गया। अत्यंत नाजुक हालत में रेफर किए गए आशुतोष ने रायपुर पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
फोन पे पर भेजा गया पैसा

साक्ष्य मिटाने में जुटा अस्पताल प्रबंधन?
युवक की असमय मौत के बाद जब पीड़ित परिजनों ने सीटी स्कैन की सीडी/फिल्म, एक्स-रे और ट्रांसफर/डेथ समरी की मांग की, तो अस्पताल प्रशासन ने दस्तावेज देने से साफ इनकार कर दिया और महज एक अधूरी केस शीट थमा दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अस्पताल प्रबंधन अपनी आपराधिक लापरवाही को छिपाने और मेडिकल रिकॉर्ड्स में हेरफेर करने में जुटा है।
परिजनों ने जिला प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को ज्ञापन सौंपकर निम्नलिखित मुख्य मांगें रखी हैं:
1. विशेष मेडिकल बोर्ड का गठन: मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेषज्ञों का निष्पक्ष मेडिकल बोर्ड गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. मूल रिकॉर्ड्स की तत्काल जब्ती: साक्ष्य मिटाने से रोकने के लिए श्री महावीर हॉस्पिटल से सीटी स्कैन, एक्स-रे, बिल और डेथ समरी के मूल दस्तावेज तुरंत जब्त किए जाएं।
3. आपराधिक मुकदमा और कड़ा एक्शन: मरीज की जान से खिलवाड़ करने, अवैध वसूली करने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर FIR दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।














