
फरसाबहार/राजकुमार की रिपोर्ट RK GLOBAL NEWS जशपुर।
प्रदेश के कोटवार (चौकीदार) अपनी लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर एकजुट हो गए हैं। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कोटवार ग्रामीण क्षेत्रों में शासन-प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सरकारी सूचनाओं का संप्रेषण, राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में सहयोग सहित अनेक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा है।
कोटवार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कोटवार वर्षों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें उचित अधिकार, सम्मान और सुविधाएं प्रदान करना आवश्यक है।

कोटवार समाज ने सरकार से मांग की है कि उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि प्रदेशभर के हजारों कोटवारों को राहत मिल सके।












