ऋण प्रकरणों में तेजी लाने कलेक्टर सख्त, कहा — हितग्राहियों को बेवजह न करें परेशान

DLCC बैठक में बैंक अधिकारियों को कड़े निर्देश, किसानों को KCC और पीएम सूर्यघर योजना से जोड़ने पर जोर
जशपुर राजकुमार की रिपोर्ट RK GLOBA NEWS
रोहित व्यास की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) एवं विशेष जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और सभी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाया जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, आरबीआई प्रतिनिधि, लीड बैंक मैनेजर, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ऋण अस्वीकृति पर लिखित कारण बताने के निर्देश
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि यदि किसी हितग्राही का ऋण आवेदन अस्वीकृत किया जाता है तो उसे स्पष्ट रूप से लिखित कारण बताया जाए तथा समाधान के विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने पर जोर दिया। साथ ही जिले के क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) अनुपात को संतुलित रखने एवं समय पर ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना तथा बिहान योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूह बैंक लिंकेज शामिल रहे।
कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन एवं उद्यानिकी से जुड़े किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
बीमा और पेंशन योजनाओं पर विशेष अभियान
ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के तहत विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन शिविरों में बैंक स्टॉल लगाकर अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन किया जाए तथा लंबित बीमा दावों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री जनधन खातों में बैंक लिंकेज, रूपे कार्ड वितरण एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि जिले के समग्र विकास में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी बैंक शासकीय योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करें।

RK GLOBAL NEWS



