
जशपुर कुनकुरी राजकुमार की रिपोर्ट
Vishnu Deo Sai ने आज जशपुर जिले के विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कलिबा में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपए की लागत से बनने और पूर्ण हुए 12 जनहितैषी विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल, शिक्षा, कृषि विपणन, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्कूल, बाजार और महिला केंद्र जैसी आधारभूत सुविधाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।
12 करोड़ 86 लाख रुपए से अधिक के 8 कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में कुल 12 करोड़ 86 लाख 3 हजार रुपए की लागत से बनने वाले 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत कलिबा में 57.66 लाख रुपए की लागत से हाट बाजार निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिसमें कव्हर्ड शेड, बोरवेल, यूरिनल ब्लॉक एवं सीसी रोड का निर्माण शामिल है। वहीं ग्राम पंचायत बेहराखार में 80.59 लाख रुपए की लागत से आधुनिक हाट बाजार का निर्माण किया जाएगा, जिससे किसानों और ग्रामीण व्यापारियों को बेहतर विपणन सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग (सेतु) द्वारा कलिबा-टांगरबहार (बैगाटोली) मार्ग पर 5 करोड़ 11 लाख 6 हजार रुपए की लागत से उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा बांसपतरा-दुलदुला मार्ग पर चांपाझरिया नाला में 5 करोड़ 90 लाख 80 हजार रुपए की लागत से उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इन पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्राथमिक शाला कोरवाडेरा, प्राथमिक शाला डडगांव, माध्यमिक शाला बालक नारायणपुर तथा प्राथमिक शाला लालगोड़ा के नवीन भवन निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। प्रत्येक स्कूल भवन पर 11.48 लाख रुपए की लागत आएगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
3 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक के 4 कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कुल 3 करोड़ 19 लाख 88 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 4 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। कृषि उपज मंडी समिति जशपुर द्वारा ग्राम पंचायत कंडोरा (महुआटोली) स्थित उपमंडी कुनकुरी में 2 करोड़ 45 लाख 78 हजार रुपए की लागत से निर्मित फल-सब्जी मंडी, गोदाम, प्लेटफार्म, टायलेट, पार्किंग एवं सीसी रोड का लोकार्पण किया गया। इस आधुनिक मंडी से किसानों एवं व्यापारियों को कृषि उपज के भंडारण और विपणन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ढोढ़ीबहार, नारायणपुर एवं केराड़ीह में निर्मित महतारी सदनों का लोकार्पण भी किया गया। प्रत्येक महतारी सदन 24.70 लाख रुपए की लागत से तैयार हुआ है। इन केंद्रों से महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूह गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
ग्रामीण विकास को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है। पुल और सड़कों के निर्माण से जहां आवागमन आसान होगा, वहीं स्कूल भवनों से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। आधुनिक बाजार और मंडियों से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा महतारी सदन महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री उपेंद्र यादव, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



