महिजोर में रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान, एसडीएम से तत्काल वैकल्पिक सड़क की मांग

फरसाबहार, राजकुमार RK GLOBAL NEWS
जशपुर।
पंच शकुंतला बाई वार्ड नंबर 4 के एवं समस्त ग्रामीण तहसील फरसाबहार अंतर्गत ग्राम महिजोर के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आवेदन सौंपकर गांव के लिए तत्काल आवागमन हेतु वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय के कार्य के दौरान वर्षों से उपयोग में रही कच्ची सड़क को बंद कर दिया गया है, जिससे गांव के लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

पंच आवेदन में उल्लेख किया गया है कि एकलव्य विद्यालय बनने से पहले यही कच्चा रास्ता ग्रामीणों के आने-जाने का एकमात्र साधन था। सड़क बंद होने के कारण अब ग्रामीणों को खेतों और पगडंडियों के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे विशेष रूप से बारिश के मौसम में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि महिजोर हाथी प्रभावित क्षेत्र है। ऐसे में सुरक्षित सड़क नहीं होने से जान-माल का खतरा भी बढ़ गया है। साथ ही किसी दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस का गांव तक पहुंचना भी संभव नहीं होगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि महिजोर को फरसाबहार से जोड़ने वाले मार्ग की तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। आवेदन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि रास्ते के अभाव में भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस आवेदन पर ग्राम के पंच सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।












